कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला से एक बेहद सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है। जिले के जमगहना गांव में एक किराना दुकान संचालक की उसके ही भतीजे ने फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद आरोपी युवक घर पहुंचा, फावड़ा वहीं रखा और फिर पास के एक पुराने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे हादसे से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। मामला पटना थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, जमगहना के जूनापारा मोहल्ले में किराना दुकान चलाने वाले 56 वर्षीय उपेंद्र नारायण बरगाह शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी दुकान के सामने अहाते में बैठे हुए थे। उसी समय उनका पड़ोसी और भतीजा 37 वर्षीय कौशल बरगाह हाथ में फावड़ा लेकर वहां पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कौशल ने बिना कुछ कहे अचानक उपेंद्र नारायण पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। फावड़े के कई घातक वारों से उपेंद्र नारायण बरगाह की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोग शोर सुनकर घटनास्थल की ओर दौड़े और उपेंद्र को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हत्या के बाद आरोपी कौशल बरगाह मौके से फरार हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद कौशल सीधे अपने घर पहुंचा, जहां उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया फावड़ा रख दिया। इसके बाद वह घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित एक पुराने कुएं के पास गया और उसमें कूद गया। जब तक स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली और उसे कुएं से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी भी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही राजेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एफएसएल विज्ञानी शारदा दुबे भी घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पटना थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे कोई और कारण तो नहीं था। परिजनों ने बताया कि आरोपी कौशल बरगाह की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक उपेंद्र नारायण बरगाह, जो रिश्ते में कौशल का चाचा था, उसके इलाज में आर्थिक मदद करता था। परिजनों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच किसी तरह का पुराना विवाद या आपसी रंजिश भी नहीं थी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहां निर्दोष किराना दुकानदार की बेरहमी से हत्या हुई, वहीं दूसरी ओर मानसिक बीमारी से जूझ रहे युवक की आत्महत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि इस दोहरे हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
ब्युरो रिपोर्ट










