भोपाल/शहडोल। सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर और आस्था का पर्व विजयादशमी (दशहरा) प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जयसिंहनगर संदीपनी विद्यालय ग्राउंड में भव्य रूप से आयोजित होगा। यह आयोजन न केवल बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और धर्म के प्रति निष्ठा को भी मजबूती प्रदान करता है। इस पुण्य अवसर को सफल बनाने के लिए नगर परिषद जयसिंहनगर की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला चक्रधारी शुक्ला के नेतृत्व में दशहरा आयोजन समिति के अध्यक्ष व पार्षदों के साथ मिलकर जो सहयोगात्मक भावना और कर्तव्यपरायणता दिखाई जा रही है, वह सराहनीय है। नगर परिषद द्वारा मैदान की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, मंच निर्माण, यातायात नियंत्रण, पेयजल व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को समय रहते सुचारु रूप से पूर्ण किया जा रहा है।
अध्यक्ष का नेतृत्व बना प्रेरणा का स्रोत
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला चक्रधारी शुक्ला ने आयोजन समिति के साथ निरंतर संपर्क में रहकर आयोजन को भव्य और शांतिपूर्ण बनाने में अहम भूमिका निभा रहीं है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग से भी समन्वय स्थापित कर आम जनमानस की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोपरि रखा है।
आयोजन समिति के अथक प्रयासों की सराहना
दशहरा आयोजन समिति द्वारा दो हफ्ते पूर्व से की जा रही तैयारी अब अंतिम चरण में है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार रावण दहन कार्यक्रम में न केवल स्थानीय कलाकारों को अवसर दिया गया है, बल्कि विशेष आतिशबाज़ी, रामलीला मंचन आदि के माध्यम से दर्शकों को एक अलौकिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। वहीं आयोजन समिति ने नगर परिषद अध्यक्ष के सक्रिय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यह आयोजन प्रशासन और समाज के बीच समन्वय की मिसाल बन रहा है।
इनका कहना है
दशहरा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति की आत्मा है। हम सभी का दायित्व है कि राजनीति से ऊपर उठकर इसे जनभावनाओं के अनुरूप सफल बनाएं।
श्रीमती सुशीला चक्रधारी शुक्ला
अध्यक्ष नगर परिषद जयसिंहनगर










