राहुल गांधी ने कहा कि आज हिंदुस्तान की जनता जब इलेक्शन कमिशन से हमारे डेटा को लेकर सवाल पूछ रही है तो उसने अपनी वेबसाइट को बंद कर दिया। मध्य प्रदेश, बिहार की वेबसाइट बंद कर दी हैं। वे जानते हैं कि यदि हिंदुस्तान की जनता ने इसी डेटा को लेकर सवाल पूछना शुरू कर दिया तो उनका पूरा ढांचा गिर जाएगा। हालांकि उनका यह दावा गलत पाया गया है। मध्य प्रदेश और बिहार के चुनाव आयोग की वेबसाइट जब हमने खोलने का प्रयास किया तो वह चालू हैं। वहां किसी भी तरह की जानकारी आसानी से पहले की तरह ही हासिल की जा सकती है।
बेंगलुरु के ‘फ्रीडम पार्क’ में आयोजित ‘वोट अधिकार रैली’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वोटर लिस्ट में धांधली के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को एक न एक दिन पकड़ा जाएगा क्योंकि यह एक अपराधिक कृत्य है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘संविधान हर नागरिक को एक वोट का अधिकार देता है, उस पर चुनाव आयोग और उसके अधिकारी आक्रमण कर रहे हैं। जो अधिकारी ऐसे कर रहे हैं, वो नहीं बचेंगे। समय लगेगा लेकिन हम उन्हें पकड़ेंगे।’
आप संविधान पर अटैक करेंगे तो हम आप पर करेंगे’
उन्होंने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा, ‘अगर आप (अधिकारी) इस पर आक्रमण करेंगे तो हम पर आक्रमण करेंगे।’ राहुल गांधी ने कहा, ‘हमारी मांग है कि चुनाव आयोग पूरे देश की मतदाता सूची को डिजिटल स्वरूप में प्रदान करे और सीसीटीवी फुटेज दे। अगर हमें यह मिलता है तो हम यह साबित कर देंगे कि वोट चोरी सिर्फ कर्नाटक में नहीं, बल्कि पूरे हिंदुस्तान में की गई है।’ उन्होंने दावा किया कि यदि इलेक्ट्रॉनिक डेटा मिल जाए तो वह यह साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री वोट की चोरी करके इस पद पर आए हैं। राहुल गांधी ने यह दोहराया कि सिर्फ 25 सीटों के कारण आज नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के पद पर हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट










