छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में लगभग तीन माह पहले विवाहिता और नाबालिग भतीजी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। घटना से व्यथित महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में ही तथ्य सामने आ गए थे लेकिन जांच के नाम पर तीन महीने तक न सिर्फ प्रकरण को उलझाए रखा गया बल्कि उच्चाधिकारियों को भी सूचना नहीं दी गई।
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में लगभग तीन माह पहले विवाहिता और नाबालिग भतीजी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। घटना से व्यथित महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में ही तथ्य सामने आ गए थे लेकिन जांच के नाम पर तीन महीने तक न सिर्फ प्रकरण को उलझाए रखा गया बल्कि उच्चाधिकारियों को भी सूचना नहीं दी गई। तीन महीने बाद एक ही प्रकरण से जुड़े दो एफआईआर देखकर सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने जांच कराई तो पुलिस की ओर से गंभीर लापरवाही सामने आई।
आईजी ने प्रकरण में विवेचना अधिकारी सहायक उप निरीक्षक रोशन लकड़ा को निलंबित कर दिया है। सनावल थाना प्रभारी को लाइन अटैच करने के साथ ही बलरामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पूरे प्रकरण की जांच की जवाबदारी दी गई है। संबंधित एसडीओपी को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
सरगुजा पुलिस रेंज के सभी जिलों से थानावार दर्ज होने वाले अपराधिक प्रकरणों की जानकारी पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पहुंचती है। आइजी दीपक कुमार झा स्वयं इन प्रकरणों की समीक्षा करते हैं। तीन दिसंबर को सनावल थाने में एक ही प्रकरण से जुड़े दो आपराधिक प्रकरण पंजीकृत थे। सामूहिक दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के एफआइआर को देखकर आइजी ने बलरामपुर जिले के पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ के बाद अपराध की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने केस डायरी के साथ उपस्थित होने आदेशित किया।
आईजी दीपक कुमार झा ने जब केस डायरी का अवलोकन किया तो सनावल थाना पुलिस की ओर से गंभीर प्रकरण के बाद भी जांच में देरी सामने आई। इसके कारण पर्याप्त साक्ष्यों के संकलन में भी लापरवाही उजागर हुई। पुलिस घटना के तत्काल बाद यदि बारीकी से जांच करती तो एफआईआर में इतना विलंब नहीं होता। अपराधी भी तत्काल पकड़ में आ सकते थे। प्रारंभिक जांच में ही सनावल पुलिस को सामूहिक दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के तथ्य आ चुके थे।
ब्युरो रिपोर्ट










