February 8, 2026 1:50 pm

खड़गवां रतनपुर में वन विभाग की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस का आधी रात हंगामा मंत्री के बंगले के सामने घंटों धरना, दबाव में प्रशासन ने कराई राहत व्यवस्था।

एमसीबी (खड़गवां)। रतनपुर ग्राम पंचायत में वन विभाग की कथित मनमानी कार्रवाई के चलते बेघर हुए गरीब और आदिवासी परिवारों के समर्थन में कांग्रेस का गुस्सा आधी रात फूट पड़ा। वन विभाग द्वारा बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए कई कच्चे मकानों को बुलडोज़र से ढहा देने के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बंगले के सामने देर रात तक जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

वन विभाग की कार्रवाई से तबाह हुए परिवार, प्रशासन गायब

ग्रामीणों के अनुसार बुधवार को वन विभाग ने “अवैध अतिक्रमण” के नाम पर नागेंद्र, करीमन बैगा, राजेंद्र प्रधान, राम प्रसाद एक्का सहित कई गरीब परिवारों के आशियाने जमींदोज़ कर दिए। दिनभर खबरें सोशल मीडिया पर छाई रहीं, लेकिन रात तक न भोजन, न टेंट—प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता सौरव मिश्रा, जनपद सदस्य युगांतर श्रीवास्तव, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी सहित कांग्रेस नेता पीड़ितों के बीच पहुंचे और कंबल वितरित किए। नेताओं ने एसडीएम और वन विभाग अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन घंटों फोन उठाने तक की ज़हमत किसी ने नहीं उठाई। बड़ी मुश्किल से एसडीओ का फोन लगा, पर वे भी किसी तरह की तत्काल राहत उपलब्ध नहीं करा सके।

आधी रात मंत्री बंगले के सामने धरना – पुलिस भी बेअसर

अधिकारियों की बेरुखी से नाराज़ कांग्रेस नेता और पीड़ित परिवार रात करीब 1 बजे सीधे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के रतनपुर स्थित बंगले के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया, मगर कांग्रेस कार्यकर्ता राहत उपलब्ध होने तक न हटने की जिद पर अड़े रहे।

आखिरकार एसपी मैडम के निर्देश पर देर रात ही पीड़ितों के लिए रहने, भोजन, टेंट और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराई गई। इसके बाद कांग्रेसियों ने धरना समाप्त किया।

निष्पक्ष जांच की मांग, वन विभाग पर भेदभाव के आरोप

आज सुबह जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि
“वन विभाग या तो नियमानुसार सभी पर कार्रवाई करे, या जिन गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए हैं उन्हें तुरंत मुआवजा, पुनर्वास और रहने की संपूर्ण व्यवस्था दी जाए।”

मिश्रा ने आरोप लगाया कि “वन विभाग का यह तानाशाही रवैया भाजपा नेताओं के संरक्षण में चल रहा है। चुनिंदा लोगों पर कार्रवाई और गरीबों को निशाना बनाना यह साबित करता है कि विभाग निष्पक्ष नहीं है। कांग्रेस ऐसे अन्याय के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेगी।”

इस पूरे विरोध प्रदर्शन में सौरव मिश्रा, युगांतर श्रीवास्तव, कासिम अंसारी, इमरान खान, भावेश जैन सहित सभी पीड़ित परिवार मौजूद रहे।

ब्युरो रिपोर्ट

और पढ़ें

[the_ad_group id="15"]

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें