February 8, 2026 3:05 pm

दाम कम, दम ज्‍यादा…पीएम मोदी ने लाल किला से बताया भविष्‍य का रोडमैप, बोले- मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन हो

आज 15 अगस्‍त 2025 को पूरा देश आजादी के जश्‍न में डूबा हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्‍ली के ऐतिहासिक लाल किले पर तिरंगा फहराया. उन्‍होंने लाल किले से ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए वीर जवानों के प्रति गर्व जताया.

दिल्ली / – देश आज 79वां स्‍वतंत्रता दिवस मना रहा है. कश्‍मीर से लेकर कन्‍याकुमारी और मुंबई-अहमदाबाद से लेकर गुवाहाटी और शिलांग तक लोग आजादी के जश्‍न में डूबा हुआ है. हर तरफ राष्‍ट्रीय ध्‍वज तिरंगा शान से फहरा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्‍ली के ऐतिहासिक लाल किला पर तिरंगा फहराया. पीएम मोदी ने दुनिया को सीधा संदेश देते हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया.

इस बार के स्‍वतंत्रता दिवस समारोह का थीम है – स्वतंत्रता का सम्मान करें, भविष्य को प्रेरित करें. सुबह 7:21 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर पहुंचे और उसके कुछ देर बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके बाद राष्ट्रीय गान गाया गया. इससे पहले सेना, नौसेना और वायुसेना द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर द‍िया गया. इसके बाद पीएम मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे और राष्ट्रीय एकता और तकनीकी प्रगति पर ध्यान केंद्रित करेंगे. इस समारोह के लिए लाल किले पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. इस समारोह में विशेष अतिथि और विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित लोग शामिल हो रहे हैं. समारोह में आने वाले लोगों के लिए दिल्ली मेट्रो सुबह 4:00 बजे से सेवाएं प्रदान कर रही है.

हमारे लिए संविधान और लोकतंत्र सर्वोपरि: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कई बातों का जिक्र किया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र को संदेश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आप सभी को मैं हार्दिक बधाई देती हूं. हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि स्वाधीनता दिवस और गणतंत्र दिवस सभी भारतीय उत्साह और उमंग के साथ मनाते हैं. ये दिवस हमें भारतीय होने के गौरव का विशेष स्मरण कराते हैं. हमारे लिए, हमारा संविधान और हमारा लोकतंत्र सर्वोपरि है. उन्होंने कहा कि 15 अगस्त की तारीख हमारी सामूहिक स्मृति में गहराई से अंकित है. औपनिवेशिक शासन की लंबी अवधि के दौरान देशवासियों की अनेक पीढ़ियों ने यह सपना देखा था कि एक दिन देश स्वाधीन होगा. देश के हर हिस्से में रहने वाले लोग विदेशी शासन की बेड़ियों को तोड़ फेंकने के लिए व्याकुल थे, लेकिन बलवती आशा का भाव था. आशा का वही भाव, स्वतंत्रता के बाद हमारी प्रगति को ऊर्जा देता रहा है.

पीएम मोदी भाषण लाइव: पीएम मोदी ने कहा, ‘सरकार फाइलों में नहीं होनी चाहिए. सरकार लोगों की लाइफ में होनी चाहिए. कुछ लोगों को लगता है कि सरकार की योजनाएं तो पहले भी आती थीं, लेकिन हम सरकार की योजना को जमीन पर लाते हैं. कोई हकदार छूटे नहीं और सरकार उनके घर तक जाए, ऐसी हमारी कोशिश रहे. जनधन अकाउंट से आम व्यक्ति को यह विश्वास मिला था कि बैंक के दरवाजे हमारे लिए बंद नहीं हैं और मैं भी बैंक जा सकता हूं. आयुष्मान भारत के जरिए जब हम वरिष्ठ नागरिकों के आरोग्य की चिंता करते हैं. आज पीएम आवास के जरिए चार करोड़ लोगों को घर मिलना उनका सपना पूरा होने जैसा है. रेहड़ी-पटरी वालों के लिए पीएम स्वनिधि योजना हर व्यक्ति की चिंता की योजना है. जमीन से उतरी हुई योजनाएं देश के लोगों के जीवन में बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन जाती हैं.’

पीएम मोदी ने कहा, ‘बहुत ही निकट भविष्य में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती आ रही है. हम उनकी जयंती के समारोह शुरू करने जा रहे हैं. उन्होंने जो मंत्र दिए उसमें हमारे लिए प्रेरणा है. वह है पिछड़ों को प्राथमिकता. इसके जरिए हम परिवर्तन करना चाहते हैं. हम पिछड़ों को प्राथमिकता को हर पिछड़े के जीवन में उतारना चाहते हैं.’

पीएम मोदी भाषण लाइव: पीएम मोदी ने इस मौके पर खेलकूद में इंट्रेस्‍ट रखने वालों के लिए भी पिटारा खोला. उन्‍होंने कहा, ‘अगर बच्चे खेलकूद में आगे होते हैं तो मां-बाप गौरव से भर जाते हैं. इस खेल को बढ़ावा देने के लिए नेशनल स्पोर्ट्स पॉलिसी – खेलो भारत नीति को लेकर आए हैं. स्कूल से लेकर कॉलेज तक हम पूरा ईकोसिस्टम डेवलप करना चाहते हैं, ताकि स्पोर्ट्स से जुड़े हर तरह के साधन बनाए जा सकें. हम इन सुविधाओं को दूर-दराज तक पहुंचाना चाहते हैं.’ पीएम मोदी ने हेल्‍थ पर बात करते हुए आगे कहा कि हमारे देश के लोगों को चिंता करनी चाहिए कि मोटापा देश की बड़ी समस्या बनता जा रहा है. पंडित लोग कहते हैं कि हर घर में एक व्यक्ति मोटापे का शिकार है. हमें इस मोटापे से बचना है, ओबेसिटी से बचना है. परिवार तय करे कि जब खाने का तेल घर पर आएगा तो 10 फीसदी कम ही आएगा और मोटापे से जंग जीतने में हम अपना योगदान देंगे.

पीएम मोदी भाषण लाइव: पीएम मोदी ने लाल किला से कहा, ‘हमारी संस्कृति की ताकत विविधता है, हम इस विविधता को सेलिब्रेट करने को आदत बनाना चाहते हैं. हमने प्रयागराज के महाकुंभ में देखा कि विविधता को कैसे जीया जाता है. एक स्थान पर करोड़ों लोग, एक ही प्रण, एक ही प्रयास. महाकुंभ की वह सफलता भारत की सफलता की दुहाई देती है. हमारा देश भाषाओं की विविधता से पुलकित है. इसलिए मैंने मराठी, असमिया, बांग्ला, पाली, प्राकृत को क्लासिकल लैंग्वेज का दर्जा दिया. हमारा मत है कि भाषाएं जितनी विकसित होंगी, हमारे नॉलेज को उतना ही बल मिलने वाला है. जब डाटा का जमाना है तो यह भाषाएं दुनिया को भी ताकत दे सकती हैं. हमारी सभी भाषाओं के लिए हर किसी को काम करना चाहिए. इस बार हमने ज्ञान भारतम योजना के तहत जहां भी हस्तलिखित ग्रंथ, पांडुलिपियां हैं, पुराने दस्तावेज हैं, उन्हें सामने लाने के लिए तकनीक के आधार पर काम कर रहे हैं.’

पीएम मोदी भाषण लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी तक का सबसे लंबा स्‍वतंता दिवस का भाषण दिया है. पिछले साल पीएम मोदी ने 98 मिनट का भाषण दिया था. इस बार उन्‍होंने 104 मिनट की स्‍पीच दी है. इस बार पीएम मोदी ने लाल किला के प्राचीर से कई योजनाओं का जिक्र किया.

सुदर्शन चक्र मिशन…भारत का रक्षा कवच और दुश्मनों का काल

पीएम मोदी भाषण लाइव: पीएम मोदी ने देश की सुरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्‍होंने सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करने की घोषणा की है. यह एक पावरफुल वेपन सिस्टम होगा, दुश्मन के हमले को न्यूट्रालाइज तो करेगा ही, मगर कई गुना ज्यादा दुश्मन पर हिट बैक करेगा. पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 10 साल में उसे आगे बढ़ाया जाएगा. यह पूरा आधुनिक सिस्टम, इसके लिए रिसर्च, डेवलपमेंट और मैनुफैक्चरिंग देश में ही होगा. एक ऐसी व्यवस्था होगी जो वॉर फेयर के हिसाब से भविष्य में क्या-क्या संभावनाएं हैं, उसका हिसाब-किताब लगाकर विकसित होगा. यह बहुत प्रीसाइज होगा. इस सुदर्शन चक्र के द्वारा भी टारगेटेड, प्रीसाइज विकसित करने में आगे बढ़ेंगे.

पीएम मोदी भाषण लाइव: पीएम मोदी लाल किले के प्राचीर से घुसपैठियों को सीधा और सख्‍त संदेश दिया है. उन्‍होंने कहा, ‘मैं आज देश के सामने एक चिंता और चुनौती के संबंध में आगाह करना चाहता हूं. षडयंत्र और सोची समझी साजिश के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है. एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं. ये घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं. ये घुसपैठिये मेरे देश की बहन-बेटियों को निशाना बना रहे हैं. ये घुसपैठिए आदिवासियों के घरों में घुसकर उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं. ये देश सहन नहीं करेगा. जब सीमावर्ती क्षेत्रों में डेमोग्राफी में बदलाव होता है तब देश की सुरक्षा पर संकट होता है. यह सामाजिक तनाव के बीज बो देता है. कोई देश अपना देश दूसरों के हवाले नहीं कर सकता है. हमारे पूर्वजों ने त्याग औऱ बलिदान से आजादी पाई है. उन महापुरुषों के प्रति हमारा दायित्व है कि हम ऐसा नहीं होने दें. मैं लालकिले की प्राचीर से कहना चाहता हूं कि हमने हाई पावर्ड डेमोग्राफी मिशन शुरू कर रहे हैं.’

15 अगस्त को पीएम मोदी ने क्या संकल्प लिया?

लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में मोदी ने कहा- मुझे आज आपका आशीर्वाद चाहिए. अगर आप देश की सुरक्षा चाहते हैं तो आने वाले 10 साल में 2035 तक राष्ट्र के सभी अहम स्थलों, जिनमें सामरिक के साथ-साथ सिविलियन क्षेत्र भी शामिल हैं. जैसे अस्पताल हों, रेलवे हों, जो भी हों. आस्था के केंद्र हों, उन्हें टेक्नोलॉजी के नए प्लेटफॉर्म द्वारा पूरी तरह सुरक्षा कवच दिया जाएगा. सुरक्षा का कवच लगातार विस्तार होगा. देश का हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे. इसलिए आने वाले 10 साल यानी 35 तक मैं राष्ट्रीय सुरक्षा कवच का विस्तार देना चाहता हूं. मजबूती देना चाहता हूं. भगवान कृष्ण से प्रेरणा पाकर, उस सुदर्शन चक्र की राह को चुना है.

ब्यूरो रिपोर्ट

और पढ़ें

[the_ad_group id="15"]

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें