दिल्ली / – दिल्ली पुलिस के एक एएसआई पर महिला से बदसलूकी करने का आरोप लगा है। इसको लेकर लोग थाने पर इकट्ठा हो गए और एएसआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। एएसआई को जिला लाइन भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में छापेमारी के दौरान एक महिला के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के आरोप में एक पुलिस अधिकारी को जिला लाइन भेज दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे एक पीसीआर कॉल आई। इसमें एसएलसी इलाके की एक दुकान पर अवैध शराब की बिक्री और सेवन का आरोप लगाया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और परिसर से अवैध शराब जब्त की। अधिकारी ने बताया कि लगभग दो घंटे बाद उसी थाने में उसी दुकान से जुड़ी एक महिला की ओर से एक और पीसीआर कॉल आई। उसी दुकान से शराब ज़ब्त की गई थी। महिला ने छापेमारी के दौरान एक एएसआई पर अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया।
उसके बाद जल्द ही कुछ लोग थाने पर इकट्ठा हो गए। वे लोग एएसआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के डीसीपी और लाजपत नगर के एसीपी समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और भीड़ को शांत किया। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करने का आश्वासन दिया।
अधिकारी ने कहा कि इस मामले में तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई और एएसआई को तत्काल प्रभाव से जिला लाइन भेज दिया गया। घटना की विस्तृत जांच चल रही है और जांच के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ब्युरो रिपोर्ट










