
शहडोल। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कई क्षेत्रों में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क को लेकर शहर में चर्चा तेज है। हाल ही में हुई एक दर्दनाक पारिवारिक घटना ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑनलाइन गेम की लत और आर्थिक दबाव से जुड़े तनाव के चलते एक व्यक्ति ने कथित रूप से परिवार सहित आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की, जिसमें उसकी और उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी का उपचार जारी है। इस घटना ने शहर को झकझोर दिया है।
युवाओं के माध्यम से बैंक खाते खुलवाने की चर्चा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार कुछ युवक ऑनलाइन गेमिंग एप से जुड़े लोगों के संपर्क में हैं और कथित तौर पर बेरोजगार या जरूरतमंद व्यक्तियों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवा रहे हैं। बाद में इन्हीं खातों का उपयोग ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े लेन-देन में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया में कमीशन का खेल भी चल रहा है। लेकिन शहर के विभिन्न इलाकों में इस तरह की गतिविधियों को लेकर चर्चा बनी हुई है।
कई क्षेत्रों में इन नामों की हुई चर्चा हुई तेज
शहर के सोखी मोहल्ला, सिंधी बाजार, सिंहपुर, स्टेडियम रोड, बस स्टैंड, मोहनराम तालाब और बगिया तिराहा से जुड़े जिन नामों की चर्चा तेज है, उनमें ऋतिक सोखी मोहल्ला, आदित्य एफसीआई क्षेत्र, रमन, निहाल सोखी मोहल्ला, विक्रम सिंधी बाजार, अनुज खेर माता मंदिर क्षेत्र, राज खेर माता मंदिर, मोनू और आशीष सिंहपुर, लकी सोखी मोहल्ला, प्रिंस सोखी मोहल्ला, शशांक स्टेडियम रोड, अंकित मोहनराम तालाब, राज बस स्टैंड, राज सिंधी बाजार, हर्ष मोहनराम तालाब, गौरव बगिया तिराहा सहित अन्य नाम शामिल बताए जा रहे हैं। सूत्रों की माने तो इसके अलावा डीके नामक व्यक्ति पर भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि वह पत्रकारिता का चोला ओढ़कर बाणगंगा क्षेत्र से कथित रूप से इस नेटवर्क को संचालित कर रहा है और युवाओं को जोड़ने का काम कर रहा है।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो यह नेटवर्क और फैल सकता है। लोगों ने आशंका जताई है कि ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में आर्थिक अपराध, साइबर ठगी और अवैध लेन-देन जैसी गतिविधियां भी संचालित हो सकती हैं।
गहन जांच की मांग हुई तेज
शहरवासियों ने कोतवाली पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। संदिग्ध बैंक खातों, कॉल डिटेल्स और लेन-देन की जांच कर सच्चाई सामने लाने की आवश्यकता बताई है। एक परिवार के उजड़ने के बाद लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेकर युवाओं को ऐसी लत और अवैध नेटवर्क से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।









