बेमेतरा। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव का शुक्रवार को बेमेतरा प्रवास पर भव्य स्वागत किया गया। जिले के सिग्नल चौक पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। स्वागत समारोह में स्थानीय विधायक दीपेश साहू, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक अवधेश चंदेल, जिलाध्यक्ष अजय साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय सिन्हा, रजक बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक और यादव समाज के पदाधिकारी सहित बेमेतरा भाजपा परिवार ने मंत्री यादव का हार्दिक अभिनंदन किया। मंत्री गजेंद्र यादव ने स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि बेमेतरा की जनता और कार्यकर्ताओं का यह स्नेह एवं विश्वास उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह प्रेम ही उन्हें प्रदेश और क्षेत्र की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा। यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए संगठन और कार्यकर्ता ही वास्तविक शक्ति हैं। कार्यक्रम में मौजूद विधायक दीपेश साहू ने मंत्री यादव का स्वागत करते हुए कहा कि उनका बेमेतरा दौरा जिले के लिए विकास का नया अध्याय साबित होगा। वहीं जिलाध्यक्ष अजय साहू ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह यह बताता है कि जनता भाजपा सरकार की योजनाओं से संतुष्ट है और आने वाले समय में भाजपा और मजबूती से प्रदेश की जनता की सेवा करेगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे, जिन्होंने पुष्पवर्षा कर मंत्री गजेंद्र यादव का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और उत्साह का प्रदर्शन किया।
ब्युरो रिपोर्ट










