दौसा। स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण की दिशा में एक और सकारात्मक पहल करते हुए दौसा शहर के केएम वाटिका, खान भांकरी रोड पर बच्चों के लिए झूले, वयस्कों के लिए ओपन जिम उपकरण और आरसीसी बेंच की सुविधा शुरू की जा रही है। यह विकास कार्य सांसद मुरारी लाल मीना की सांसद निधि से कराया गया है।
इस सार्वजनिक सुविधा का शुभारंभ 27 जुलाई को शाम 6 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद मुरारी लाल मीना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि दौसा विधायक डी.सी. बैरवा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। नगर परिषद सभापति कल्पना जैमन विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
मीडिया प्रभारी उमाशंकर बनियाना ने बताया कि यह परियोजना सांसद मुरारी लाल मीना की सोच और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। इसका उद्देश्य बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को एक ऐसा सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है जहां वे न केवल मनोरंजन कर सकें, बल्कि स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त करें।
उल्लेखनीय है कि सांसद मुरारी लाल मीना हर वर्ष 20 जुलाई को अपने जन्मदिवस के अवसर पर हजारों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं। यह अभियान अब “वृक्षारोपण दिवस” के रूप में लोकप्रिय हो चुका है, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन भाग लेते हैं। केएम वाटिका का यह नवाचार भी उसी भावना का विस्तार है, जिसमें हर नागरिक के लिए स्वस्थ, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना प्राथमिक उद्देश्य है।
नगर परिषद ने दौसा वासियों से अपील की है कि वे इस लोकार्पण समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर “स्वस्थ, स्वच्छ और शिक्षित दौसा” के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
ब्यूरो रिपोर्ट










